
बिलासपुर। दुबई घूमने गए बिलासपुर के तीन दोस्त आखिरकार सुरक्षित भारत लौट आए हैं। करगी रोड कोटा निवासी शिवम, आकाश और आयुष दुबई से दिल्ली पहुंच गए हैं। तीनों के सुरक्षित वापस आने की खबर से उनके परिजनों और परिचितों ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार तीनों दोस्त घूमने के लिए दुबई गए हुए थे लेकिन इसी दौरान ईरान इज़राइल के बीच बढ़े तनाव और युद्ध जैसे हालात के कारण कई फ्लाइटें लगातार रद्द हो गईं। इसके चलते वे करीब 9 दिनों तक दुबई में ही फंसे रहे और भारत लौटने का इंतजार करते रहे। लगातार फ्लाइट कैंसिल होने से तीनों को दुबई में अतिरिक्त दिन बिताने पड़े हालांकि हालात सामान्य होने के बाद उन्हें दिल्ली के लिए फ्लाइट मिल गई, जिसके बाद वे सुरक्षित भारत पहुंच गए। उनके घर लौटने की खबर से परिवार में खुशी का माहौल है।




