
बिलासपुर का उसलापुर रेलवे स्टेशन अब नए स्वरूप की ओर तेजी से बढ़ रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मेन ब्लॉक और सेकेंड एंट्री दोनों का विकास जोर-शोर से किया जा रहा है। लगभग 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और उद्घाटन की तैयारियाँ चल रही हैं, हालांकि रेलवे बोर्ड से औपचारिक तिथि का ऐलान अभी बाकी है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उसलापुर रेलवे स्टेशन को आधुनिक, सुरक्षित और यात्रियों के अनुकूल बनाने के लिए प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, वेटिंग स्पेस, लाइटिंग और बिल्डिंग वर्क का बड़ा हिस्सा पूरा हो चुका है।इस बार रेलवे का सबसे बड़ा फोकस सेकेंड एंट्री पर है। ओवरब्रिज की ओर आने वाले यात्रियों के लिए यह एंट्री बेहद महत्वपूर्ण है। फेस–2 में एप्रोच रोड, पार्किंग, पैदल मार्ग और एंट्री कॉरिडोर को यात्रियों की सुविधा के हिसाब से नया रूप दिया जा रहा है।मंडल के सीनियर डीसीएम ने बताया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय पर चल रहा है। स्टेशन में कुछ टेक्निकल सुधार और बदलाव भी किए जा रहे हैं ताकि यात्री सुविधा और अनुभव बेहतर हो।रेलवे के इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रिकल विभाग की टीम अंतिम टच में जुटी हुई है। स्टेशन की फिनिशिंग, साइनज, लाइटिंग और लुक को मॉडर्न स्टैंडर्ड के अनुसार अपग्रेड किया जा रहा है। बहुत जल्द उसलापुर रेलवे स्टेशन अपनी नई और आधुनिक पहचान के साथ यात्रियों को स्वागत करने के लिए तैयार होगा। उद्घाटन तिथि जारी होते ही इसे औपचारिक रूप से जनता को समर्पित किया जाएगा।




