
छत्तीसगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो छत्तीसगढ़ की कार्रवाई लगातार जारी है और इसी कड़ी में कोरिया जिला के बचरापोड़ी पुलिस चौकी में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ और एएसआई ध्रुव प्रसाद यादव को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। टीम ने रकम को पानी में डालकर परीक्षण किया, जिसमें नोटों का गुलाबी रंग उतर आया और ट्रैप सफल साबित हुआ।कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताते हुए हंगामा किया और रिकॉर्डिंग की मांग की, लेकिन एसीबी टीम ने दोनों के हाथ पकड़कर जेब से बरामद रकम का मिलान किया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई। एसीबी के अनुसार शिकायतकर्ता सत्येंद्र प्रजापति को बयान के नाम पर चौकी बुलाकर फर्जी केस में फंसाने का डर दिखाया गया और पहले 50 हजार रुपये मांगे गए, बाद में 25 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।बताया जा रहा है कि शिकायत एक मासूम की गड्ढे में गिरकर हुई मौत से जुड़े मर्ग मामले को लेकर थी। इस कार्रवाई ने एक बार फिर सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि लगातार ट्रैप के बावजूद रिश्वतखोरी क्यों नहीं रुक रही और जब कानून के रखवाले ही उगाही में लिप्त हों तो आम नागरिक न्याय के लिए आखिर किसके पास जाए।




