
थाना कोनी पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 52 पत्ती ताश से संगठित रूप से जुआ खिलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत की गई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 बंडल 52 पत्ती ताश, एक नीले रंग का तिरपाल, ₹27,020 नगद, एक मोबाइल फोन एवं 10 मोटर सायकल जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत ₹5,37,020 आंकी गई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि जुआ गतिविधि संगठित और बड़े स्तर पर संचालित की जा रही थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत यह रेड कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर 15 दिसंबर को ग्राम पौंसरा खार में घेराबंदी कर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया।गिरफ्तार आरोपियों में प्रभात सिंह ठाकुर, सायबान अली एवं रामजी केंवट शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर जुआ संचालन करना स्वीकार किया है। सभी आरोपियों को 15 दिसंबर को गिरफ्तार कर 16 दिसंबर को न्यायालय भेजा गया।




