
रायपुर स्थित लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जिले में कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षाओं के लिए समय-सारणी जारी कर दी गई है। जारी कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 5वीं की परीक्षाएं 16 मार्च से 25 मार्च तक तथा कक्षा 8वीं की परीक्षाएं 17 मार्च से 6 अप्रैल तक आयोजित की जाएंगी। कक्षा 5वीं की परीक्षा सुबह 9 बजे से 11 बजे तक और कक्षा 8वीं की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी।जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इन परीक्षाओं में जिले के सभी शासकीय विद्यालय, अनुदान प्राप्त विद्यालय तथा छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबद्ध अशासकीय हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थी शामिल होंगे। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और भारतीय स्कूल प्रमाणपत्र परीक्षा परिषद से संबद्ध निजी विद्यालयों के विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल नहीं होंगे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर संचालन समिति का गठन किया जाएगा तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।




