
बिलासपुर रेल मंडल में वन्यप्राणी और रेल परिचालन के बीच टकराव का एक और मामला सामने आया है। बिलासपुर–कटनी रेल सेक्शन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।यह हादसा शुक्रवार सुबह अनूपपुर और जैतहरी रेलवे स्टेशन के बीच बेलिया रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ। बताया गया कि यह पूरा क्षेत्र घने जंगलों से घिरा है, जहां बाघ, तेंदुआ समेत कई वन्यप्राणी विचरण करते हैं और अक्सर रेलवे ट्रैक तक पहुंच जाते हैं।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मालगाड़ी के सामने अचानक तेंदुआ आ जाने से चालक को ब्रेक लगाने का समय नहीं मिल सका। टक्कर इतनी तेज थी कि तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इंजन का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मालगाड़ी करीब 45 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रही।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की गई। तेंदुए के पोस्टमार्टम के लिए बांधवगढ़ से विशेषज्ञ बुलाए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैक के किनारे बाउंड्रीवाल या सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे वन्यप्राणी संरक्षण पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।




