
बिलासपुर :- रक्षाबंधन के पावन अवसर पर 9 अगस्त 2025 को छत्तीसगढ़ की सभी 33 जेलों में यह पर्व शालीनता और उल्लास के साथ मनाया गया। राज्यभर में कुल 7,579 बंदियों को उनकी 19,401 बहनों ने जेल परिसर में आकर राखी बांधी। इस दौरान भाई-बहन के रिश्ते में आंसू और मुस्कान दोनों के भाव देखने को मिले।प्रदेश की जेलों में रक्षाबंधन पर बंदियों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई। केंद्रीय जेल बिलासपुर में राखी बांधने आई प्रत्येक बहन को उपहार स्वरूप एक पौधा प्रदान किया गया, ताकि इस रिश्ते की तरह यह पौधा भी पनपे और जीवन में हरियाली लाए।आंकड़ों के अनुसार, रायपुर संभाग की जेलों में 1,936 बंदियों को 4,069 बहनों ने, दुर्ग संभाग में 1,634 बंदियों को 6,174 बहनों ने, बिलासपुर संभाग में 2,419 बंदियों को 6,585 बहनों ने, सरगुजा संभाग में 931 बंदियों को 1,577 बहनों ने और बस्तर संभाग में 659 बंदियों को 996 बहनों ने राखी बांधी।जेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से बंदियों के दिलों में सकारात्मक सोच और भावनात्मक जुड़ाव पनपता है। रक्षाबंधन का यह उत्सव न केवल भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करता है, बल्कि समाज में पुनर्वास और पुनर्संस्कार की भावना को भी बढ़ावा देता है।




