
छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। खासकर बस्तर संभाग में अगले पांच दिनों तक मूसलधार बारिश की आशंका है, जिसे लेकर प्रशासन ने सतर्कता बरतने की अपील की है।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में मानसून द्रोणिका उत्तर पश्चिम राजस्थान से बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है, जबकि एक अन्य द्रोणिका बिहार से ओडिशा होते हुए सक्रिय है।इसका असर छत्तीसगढ़ में 20 जुलाई से दिखने लगेगा, जब कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना है।बस्तर संभाग के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है, जहां लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेशभर में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है।मौसम विभाग ने 23 जुलाई से वर्षा में और तेज़ी की संभावना जताई है। निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों में पानी बढ़ने की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों और किसानों से सतर्क रहने और मौसम चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की गई है।




