
जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केराडीह, रैनीडांड में हुई लाखों की चोरी का जशपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। चोरी की इस वारदात में रिश्ते को शर्मसार करते हुए भतीजी ने ही अपने बॉयफ्रेंड और साथियों के साथ मिलकर अपने बड़े पिताजी के घर को निशाना बनाया था।आरोपियों ने घर से करीब 15 लाख रुपये नगद और सोने की ज्वेलरी सहित कुल 51 लाख रुपये से अधिक का माल चोरी किया था।चोरी की रकम से आरोपियों ने पार्टियां कीं और करीब 25 लाख रुपये की एक हरियर कार भी खरीदी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकद, सोने की बिस्किट, मंगलसूत्र, सोने का कड़ा, आईफोन सहित अन्य मोबाइल और कार जब्त की है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। रांची के एक होटल से मुख्य आरोपी मिनल निकुंज और उसके बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान को पकड़ा गया, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी बाद में की गई।पुलिस के अनुसार जप्त किए गए माल की वर्तमान कीमत लगभग 51 लाख 82 हजार 300 रुपये आंकी गई है। मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया गया है, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




