
बिलासपुर जिले में डेंगू रोग की रोकथाम और जनजागरूकता के उद्देश्य से कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिला कार्यालय परिसर से प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ हाट-बाजारों, ग्रामीण क्षेत्रों और शहरी वार्डों में जाकर डेंगू के कारण, लक्षण और बचाव की जानकारी लोगों तक पहुंचाएगा। यह अभियान राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शुरू किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रमोद तिवारी ने बताया कि डेंगू एडीज मच्छर के काटने से फैलता है, जो खासकर दिन के समय लोगों को काटता है।

डॉ. तिवारी ने बताया कि डेंगू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, आंखों के पीछे दर्द, जी मिचलाना, उल्टी, मसूड़ों से खून आना और त्वचा पर चकते शामिल हैं। बचाव के लिए घरों में पानी जमा न होने देना, कूलर और बर्तनों को प्रति सप्ताह खाली कर धूप में सुखाना जरूरी है। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल तथा स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने डेंगू से बचाव हेतु सतर्कता बरतने और समुदाय स्तर पर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।




