
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तालापारा में लगातार मिल रही आपराधिक गतिविधियों की सूचना के बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की। शराब, हथियार, वारंटी और शांति भंग करने वालों पर एक साथ कार्रवाई कर इलाके में सख्ती का संदेश दिया गया है।कार्रवाई के तहत ताहिर खान नामक युवक को लोहे के चापड़ जैसे हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया, जिस पर आर्म्स एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं मोहम्मद अब्दुल्ला को अवैध रूप से 12 पाव अंग्रेजी व 23 पाव देशी शराब के साथ पकड़ा गया।जिस पर आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई।इसके अलावा तीन वारंटियों को भी पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जिनमें प्रेम शर्मा, केशव पांडे और गोविंदा यादव शामिल हैं। ये सभी आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे।पुलिस ने तलाशी के दौरान इन्हें चिन्हित कर धरदबोचा।साथ ही शांति व्यवस्था भंग करने वाले पांच अन्य बदमाशों करण कुर्रे, अरुण डाहिरे, प्रेम बघेल, अब्दुल रहमान और मोह. कलीम पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए चालान पेश किया गया। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने तालापारा क्षेत्र में असामाजिक तत्वों में खलबली मचा दी है।




