
तिफरा स्थित नगर निगम जोन क्रमांक 02 में बैनर–पोस्टर हटाने की कार्रवाई को लेकर प्रशासन पर भेदभाव के आरोप लगे हैं। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण बिलासपुर के प्रतिनिधियों ने जोन आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए कहा है कि निगम प्रशासन राजनीतिक दलों के साथ समान व्यवहार नहीं कर रहा है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि भारतीय जनता पार्टी के बैनर–पोस्टर कई दिनों तक सार्वजनिक स्थानों पर लगे रहते हैं, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बैनर उसी दिन हटाए जा रहे हैं।कांग्रेस पार्टी के महामंत्री अमित यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर प्रचार सामग्री लगाने से संबंधित नियम सभी राजनीतिक दलों पर समान रूप से लागू होने चाहिए। उनका कहना है कि चयनात्मक कार्रवाई से प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना को ठेस पहुंचती है।कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि नगर निगम बिलासपुर भविष्य में किसी भी दल के साथ भेदभाव न करे और नियमों का समान पालन सुनिश्चित करे। ज्ञापन की प्रतिलिपि नगर निगम आयुक्त को भी भेजी गई है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि नियमों का समान रूप से पालन नहीं किया गया तो आगे आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।




