
तेजतर्रार और सख्त मिजाज थानेदार की छवि रखने वाले टीआई कलीम खान पर आईजी डॉक्टर संजीव शुक्ला ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें इंस्पेक्टर से सब इंस्पेक्टर के पद पर डिमोट कर दिया है। यह कार्रवाई एक साल के लिए की गई है। जांच में सामने आया कि उन्होंने बिना विभागीय अनुमति के हवाई सेवा से दिल्ली की यात्रा की, एक आरोपी को अनधिकृत रूप से कस्टडी में लिया और उसके परिजनों से पैसों की मांग की।आईजी शुक्ला ने बताया कि कलीम खान के खिलाफ 2020 में परिजनों ने शिकायत की थी, जिसकी जांच अब पूरी हुई। जांच में पुष्टि हुई कि उन्होंने न सिर्फ विभागीय नियमों का उल्लंघन किया, बल्कि पुलिस की छवि को भी नुकसान पहुंचाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। कलीम खान पहले चकरभाठा, सिटी कोतवाली, सिविल लाइन, तारबाहर और सायबर सेल जैसे अहम थानों में पदस्थ रह चुके हैं।इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। एसएसपी रजनेश सिंह ने भी पुष्टि की कि यह कार्रवाई आईजी स्तर से की गई है। बिलासपुर संभाग में यह एक बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई मानी जा रही है। इससे पहले भी कुछ पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन कलीम खान जैसे चर्चित अफसर पर हुई यह सख्ती पूरे महकमे में चर्चा का विषय बन गई है।




