
शुक्रवार रात सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर चौक पर एक ब्रीजा कार ने सड़क पर बैठी गाय को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के वक्त कार चला रही युवती गुंजन बैस घर लौट रही थी। टक्कर से गाय को गंभीर चोटें आईं और युवती मौके से फर्राटे भरते हुए भाग निकली। पूरी वारदात कैमरे में कैद है।टीआई नीलेश पांडे ने बताया कि गौ सेवक पीयूष पांडे की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि जब अशोक नगर चौक के पास गुंजन ने तेज़ रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए गाय को टक्कर मारी, तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की।

लेकिन वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवती कार को तेजी से बैक कर मौके से फरार हो गई।सरकंडा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। ब्रीजा कार को ज़ब्त कर लिया गया है और आरोपी युवती के खिलाफ BNS की धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। फुटेज और गवाहों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया चल रही है।पुलिस ने इस मामले में गाय के मालिक को भी चेतावनी दी है कि यदि आगे इस तरह की लापरवाही दोहराई गई, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। घायल गाय का इलाज जारी है, वहीं क्षेत्रीय गौ सेवकों ने मामले में सख्त एक्शन की मांग की है।




