

बिलासपुर :- बिलासपुर के सिविल लाइन थाने में सोमवार दोपहर सनसनीखेज नजारा देखने को मिला। यहां एक महिला ने थाने के अंदर ही खुद पर मिट्टी तेल डालकर आत्मदाह की कोशिश कर दी। मामला उस वक्त का है जब पुलिस ने उसके पति और आदतन बदमाश संजू टंडन को गिरफ्तार किया था। घटना से थाने में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस कर्मियों से लेकर अधिकारियों तक के पैरों तले जमीन खिसक गई। जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम ने मिशन सिक्योर सिटी के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आदतन बदमाश संजू टंडन को उसके घर से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से हथियार भी बरामद किया गया। पुलिस रिकॉर्ड में संजू टंडन के खिलाफ आधा दर्जन से ज्यादा अपराध दर्ज हैं और वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहता है।संजू टंडन की गिरफ्तारी की खबर लगते ही उसकी पत्नी थाने पहुंची। वहां उसने पहले पुलिस अधिकारियों से बहस की और पति को छोड़ने की गुहार लगाई। लेकिन जब उसकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो उसने अचानक अपने पास रखा मिट्टी तेल निकालकर खुद पर उड़ेल लिया और आत्मदाह का प्रयास कर डाला।थाने के अंदर अचानक इस हरकत से अफरा-तफरी मच गई। महिला जोर-जोर से चिल्लाने लगी और पुलिस को धमकाने की कोशिश करने लगी कि अगर पति को नहीं छोड़ा गया तो वह अपनी जान दे देगी। यह पूरा नजारा थाने में मौजूद कैमरे और प्रत्यक्षदर्शियों की नजरों में कैद हो गया।सूझबूझ दिखाते हुए पुलिसकर्मियों ने तुरंत महिला को काबू में किया और आत्मदाह की कोशिश को नाकाम बना दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों का कहना था कि महिला ने पूरा “ड्रामा” अपने पति को छुड़ाने के लिए रचा था, जबकि उसका पति पहले से ही आदतन बदमाश के रूप में पहचाना जाता है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, मिशन सिक्योर सिटी के तहत बदमाशों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में संजू टंडन की गिरफ्तारी हुई थी। पुलिस को आशंका है कि महिला ने सोची-समझी साजिश के तहत आत्मदाह का नाटक किया ताकि थाने पर दबाव बनाया जा सके और उसके पति को छोड़ा जा सकेफिलहाल सिविल लाइन पुलिस ने महिला के खिलाफ थाने में हंगामा करने और खुद पर मिट्टी तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास करने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है और सवाल उठने लगे हैं कि अपराधियों के समर्थन में इस तरह का दबाव बनाने की कोशिश कहीं अपराधियों के हौसले तो बुलंद नहीं कर रही।थाने के अंदर आत्मदाह की कोशिश जैसे घटनाक्रम पुलिस सिस्टम पर भी सवाल खड़े करते हैं। लेकिन सिविल लाइन पुलिस की सूझबूझ से एक बड़ी अनहोनी टल गई। अब देखना होगा कि आदतन बदमाश संजू टंडन और उसकी पत्नी पर आगे क्या कार्रवाई होती है।




