
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में सोमवार को 21वीं क्षेत्रीय रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने की, जिसमें रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समिति के सदस्य मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में सचिव समीर कांत माथुर ने समिति की भूमिका और रेलवे की उपलब्धियों में सदस्यों के योगदान को रेखांकित किया।अपने संबोधन में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जोन में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग स्टेशनों का पुनर्विकास तथा 47 स्टेशनों का उन्नयन कार्य जारी है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।बैठक में यात्री सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। सदस्यों ने ट्रेनों के नए ठहराव, नई रेल सेवाएं शुरू करने, महत्वपूर्ण ट्रेनों के विस्तार और स्टेशन सुविधाओं को बेहतर बनाने जैसे सुझाव रखे। इन सुझावों को रेलवे प्रशासन ने सकारात्मक रूप से लेते हुए भविष्य की कार्ययोजना में शामिल करने का आश्वासन दिया।बैठक में सांसद विजय बघेल और देवेन्द्र प्रताप सिंह सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप सुझाव दिए। अंत में रेलवे प्रशासन ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए सेवाओं की गुणवत्ता और दक्षता को और बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।




