
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कथित अफीम खेती के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। समोदा गांव में भाजपा से जुड़े एक नेता द्वारा करीब साढ़े नौ एकड़ में प्रतिबंधित अफीम की खेती किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसी मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी शहर और ग्रामीण के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया ।

दरअसल छत्तीसगढ़ में विभिन्न स्थानों पर अफीम की हो रही खेती और उसमें भाजपा नेताओं की संकल्पित पर कांग्रेस आकर्षित है और इसे लेकर कांग्रेस आंदोलन कर रही है लिहाजा गुरुवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इमलीपारा मुख्य मार्ग के पास एकत्र हुए और वहां से रैली निकालते हुए भाजपा कार्यालय की ओर कूच किया।प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। भाजपा कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग लगाकर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा सरकार के संरक्षण में प्रदेश में नशे का कारोबार बढ़ रहा है और युवाओं का भविष्य खतरे में डाला जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि दुर्ग के बाद बलरामपुर के दो स्थानों पर भी अफीम की खेती के मामले सामने आए हैं, जिससे यह मुद्दा अब प्रदेश की राजनीति में बड़ा रूप ले सकता है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा।




