
बिलासपुर जिले में तत्कालीन एएसपी राजेंद्र जायसवाल से जुड़े कथित वसूली और धमकी के वायरल वीडियो मामले पर राज्य के गृह मंत्री एवं डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। गृहमंत्री ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित अधिकारी को तत्काल निलंबित करने और निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए हैं।डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि प्रारंभिक तथ्यों को देखते हुए एएसपी का सस्पेंड किया जाना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार किसी भी तरह की अनियमितता या दबाव की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगी।गौरतलब है कि पूर्व में बिलासपुर और वर्तमान में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पदस्थ एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल का एक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले में एक स्पा संचालक ने गंभीर आरोप लगाते हुए बिलासपुर रेंज आईजी से शिकायत की थी। संचालक का आरोप है कि उसे कार्यालय बुलाकर लेन-देन के मामले में दबाव बनाया गया और धमकियां दी गईं।वीडियो सामने आने के बाद बिलासपुर संभाग के आईजी ने मामले की जांच के आदेश दिए थे और बिलासपुर एसएसपी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया। एसएसपी को वायरल वीडियो और संबंधित चैट की जांच कर सात दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, सरकार के निलंबन आदेश के बाद अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।




