सोशल मीडिया पर नाबालिग का अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो नई दिल्ली की साइबर टिपलाइन रिपोर्ट के आधार पर की गई। आरोपी की पहचान सरोवर हुसैन मलिक, निवासी मरीमाई, तालापारा, बिलासपुर के रूप में हुई है। रिपोर्टर के अनुसार, आरोपी ने मोबाइल नंबर 7000325090 का उपयोग करते हुए नाबालिग का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था।
एनसीआरबी की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद बिलासपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले की गहन जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गोलबाजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से मोबाइल फोन और संबंधित सिम कार्ड जब्त कर लिए गए। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। पूछताछ और सबूतों के आधार पर उसे न्यायिक रिमांड में भेजते हुए जेल भेज दिया गया है। बिलासपुर पुलिस ने इस कार्रवाई को साइबर अपराध और बाल यौन शोषण जैसे गंभीर अपराधों पर नियंत्रण की दिशा में एक अहम कदम बताया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और इस प्रकार के किसी भी संदिग्ध या आपत्तिजनक गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित थाने या साइबर सेल को दें।




