तिफरा सेक्टर-डी में निजी भूमि से मुरुम चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि नगर निगम की आड़ में रामा वर्ल्ड कंपनी के लोग अवैध रूप से मुरुम उठाकर ले जा रहे थे। जब परिवार के सदस्यों ने इसका विरोध किया, तो उन्हें धमकाया गया और अभद्र व्यवहार किया गया। पीड़ित अजीत कुमार वर्मा के अनुसार, उनकी पारिवारिक भूमि से अवैध रूप से मुरुम निकाला जा रहा था। जब परिवार की महिलाओं गौतम बाई वर्मा, सविता वर्मा और आरती वर्मा ने विरोध किया, तो उन्हें धमकाने की कोशिश की गई। इस पर उन्होंने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ट्रक GG 10 AW 3916 एवं जेसीबी CG 10 B 9205 को जब्त कर लिया। दोनों वाहनों को वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना सिरगिट्टी के हवाले किया गया है।

स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार ने वाहन चालकों को मौके पर ही पकड़ लिया था।परिवार का कहना है कि पूरा क्षेत्र रामा वर्ल्ड के मालिक और ठेकेदार के प्रभाव में है, जिससे आम लोग परेशान हैं। पीड़ितों की मांग है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।पीड़ित परिवार सिरगिट्टी थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया में है। परिजनों का कहना है कि सुबह जब वे अपनी भूमि पर पहुंचे, तो वहां से पहले से रखा मुरुम गायब था। पूछताछ करने पर जेसीबी चालक ने बताया कि उसे रामा वर्ल्ड के निर्देश पर भेजा गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।




