
बिलासपुर के चकरभाठा थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव की पहचान छुपाने के लिए चेहरा बुरी तरह कुचल दिया था। अब इस अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या में मृतक की पत्नी, सास, साढ़ू और उसके दोस्त शामिल पाए गए हैं। दिनांक 17 जुलाई को चकरभाठा थाना क्षेत्र के हिर्री माइंस के पास एक युवक की लाश मिली थी। शव के चेहरे पर पत्थर से बार-बार वार किए गए थे जिससे उसकी पहचान मुश्किल हो गई थी। मामला बेहद संवेदनशील होने के कारण एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल हत्या का केस दर्ज कर जांच तेज करने के निर्देश दिए थे।

जांच में एसीसीयू बिलासपुर सायबर सेल और चकरभाठा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले और टेक्निकल इनपुट के ज़रिए मृतक की पहचान साहिल कुमार पाटले के रूप में की। साहिल की उम्र 24 साल थी और वह मूल रूप से बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा का निवासी था।जांच में पता चला कि साहिल ने वर्षा नामक युवती से प्रेम विवाह किया था। साहिल शराब का आदी था और अक्सर वर्षा के साथ मारपीट करता था। परेशान होकर वर्षा ने अपनी मां सरोजनी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। उन्होंने साढ़ू राजाबाबू और उसके दोस्त विकास को एक लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी और 8 हजार रुपये एडवांस भी दिए।

राजाबाबू और विकास ने साहिल को बाइक से हिर्री माइंस ले जाकर पहले शराब पिलाई और फिर नशे की हालत में पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। पहचान मिटाने के लिए बार-बार चेहरे पर वार कर शव को छोड़कर भाग निकले। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस टीम में शामिल सभी अधिकारियों और जवानों को एसएसपी रजनेश सिंह ने इस केस को सुलझाने पर सराहा और उन्हें इनाम देने की घोषणा की है। इस सफलता में एडिशनल एसपी राजेन्द्र जायसवाल, एएसपी ग्रामीण अनुज कुमार, डीएसपी रश्मीत कौर चावला सहित सायबर व थाने की टीम ने अहम भूमिका निभाई।




