
बड़ौत स्टेशन से दिल्ली–शामली रूट पर दो नई मेमू ट्रेनों को केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर शुरू किया। उन्होंने दिल्ली–शामली खंड के दोहरीकरण की भी घोषणा की। मंत्रियों ने बताया कि नई मेमू सेवाएं छात्रों, किसानों व प्रोफेशनल्स को बेहतर यात्रा सुविधा देंगी। वैष्णव ने कहा कि शामली स्टेशन को 25 करोड़ की लागत से ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत विकसित किया जा रहा है।

इसके साथ ही दोनों मंत्रियों ने बड़ौत स्थित चौधरी केहर सिंह दिव्या पब्लिक स्कूल में स्किल इंडिया सेंटर का उद्घाटन किया। एनएसडीसी और रेडिंग्टन फाउंडेशन द्वारा संचालित यह सेंटर बागपत व आसपास के क्षेत्रों के लगभग 600 युवाओं और महिलाओं को एआई-सक्षम आधुनिक कौशल का प्रशिक्षण देगा। जयंत चौधरी ने कहा कि कौशल विकास रोजगार के साथ-साथ आत्मविश्वास और प्रगति का आधार है, जबकि वैष्णव ने इसे ग्रामीण युवाओं के लिए सामाजिक परिवर्तन की दिशा में बड़ा कदम बताया।




