
बलौदाबाजार में आयोजित सम्मान समारोह में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक संवर्ग परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने अभ्यर्थियों को पुलिस सेवा को जिम्मेदारी, अनुशासन और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की प्रेरणा दी।

पुलिस लाइन में आरक्षक पुरुषोत्तम बंजारे द्वारा संचालित नि:शुल्क फिजिकल अकादमी के 15 प्रशिक्षुओं के चयन पर भी प्रशंसा की गई।जिले में मिशन उड़ान के तहत आगामी पुलिस, नगर सेना और सेना भर्ती की तैयारी के लिए पुलिस द्वारा उपकरण, अनुभवी ट्रेनर और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।

कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों ने अपने प्रशिक्षण अनुभव साझा किए, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों ने कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम की जानकारी दी।




