
जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा नगर पंचायत अंतर्गत कोरबा रोड स्थित राजू इलेक्ट्रिकल दुकान एवं उससे जुड़े तीन मंजिला आवास में शुक्रवार को भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गया। आग लगते ही तीसरी मंजिल से परिवार के तीन सदस्य किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन एक युवक आग और धुएं के बीच फंस गया।हादसे के वक्त दुकान संचालक का बेटा राम देवांगन दुकान के भीतर मौजूद था, जो बाहर नहीं निकल सका। आग बुझाने के दौरान नगर सेना की टीम ने दूसरे मंजिल के भीतर से युवक का शव बरामद किया। एक अन्य व्यक्ति के भी आग की चपेट में आने की सूचना है।सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।




