
रायगढ़ जिले में बिना अनुमति चक्काजाम कर सड़क बाधित करने वालों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। ग्राम सराईपाली साप्ताहिक बाजार के पास सराईपाली-गेरवानी मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन कर वाहनों की आवाजाही रोकने के मामले में थाना पूंजीपथरा में 3 नामजद सहित 10-15 अन्य लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार कुछ ग्रामीणों ने बिना प्रशासनिक अनुमति सड़क जाम कर दी, जिससे राहगीरों और कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और समझाइश देकर जाम हटवाया। बस चालक की शिकायत पर पंकज प्रधान, ईश्वर किसान, संदीप भोय उर्फ पप्पू समेत अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। वहीं डीआईजी ने कहा है कि बिना अनुमति धरना, रैली या चक्काजाम करने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




