
जिला जांजगीर–चांपा के बिर्रा थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। बिर्रा थाना पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये का चोरी का माल बरामद किया गया है।प्रार्थिया श्रीमती कृष्णो साहू, निवासी तालदेवरी, ने थाना बिर्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जनवरी की दरम्यानी रात अज्ञात चोर उनके घर से सोने–चांदी के जेवरात, एक मोबाइल फोन और नगद राशि चोरी कर ले गए। प्रारंभिक रिपोर्ट में चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग 1 लाख 19 हजार रुपये बताई गई थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों—राज कुमार कर्ष, जितेन्द्र साहू और विनोद कुमार कर्ष—को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान तीनों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।आरोपियों के पास से सोने–चांदी के गहने, रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मारुति इक्को वाहन जप्त किया गया। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 6 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले में आगे की जांच जारी है।




