
बिलासपुर :- बिलासपुर शहर में एटीएम कार्ड बदलकर अज्ञात ठगों ने दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया। पहली घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के हटरी चौक स्थित एसबीआई एटीएम में हुई, जहां दो ठगों ने राजेंद्र नगर निवासी लीलाधर भांगे से उनका कार्ड बदलकर खाते से 1,08,000 रुपये निकाल लिए। पीड़ित को जैसे ही धोखाधड़ी की जानकारी हुई, उन्होंने तुरंत बैंक जाकर खाता होल्ड कराया और थाने में शिकायत दर्ज कराई।दूसरी घटना सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र की है। न्यायालय के सामने स्थित एसबीआई एटीएम में 35 वर्षीय नीता मानिकपुरी से कार्ड बदलकर ठगों ने करीब 30,000 रुपये निकाल लिए।नीता ने समझदारी दिखाते हुए अपने खाते से 68,312 रुपये तुरंत परिजनों के खाते में ट्रांसफर कर बचा लिए, लेकिन ठग नकद रकम निकालने में सफल हो गए।महिला की शिकायत पर सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दोनों मामलों में ठगों का तरीका एक जैसा रहा।एटीएम में पिन डालने के दौरान मशीन बंद न होने की बात कहकर उन्होंने पीड़ितों का कार्ड हाथ में लेकर बदल दिया और नकली कार्ड वापस दे दिया। बाद में जब पीड़ितों ने बैलेंस चेक किया तो उन्हें असली कार्ड के बदले किसी और नाम का कार्ड मिला।फिलहाल पुलिस ने दोनों मामलों में बीएनएसएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई कृष्णकुमार यादव और एएसआई विष्णु प्रसाद साहू को जांच सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।




