
बीजापुर मे पत्रकार मुकेश चंद्राकर की जघन्य हत्या को लेकर पत्रकार जगत में आक्रोश है। पत्रकारों ने सरकार पर निशाना साधते हुए अपनी सुरक्षा की मांग की है बिलासपुर जिले में पत्रकारों ने शनिवार को पत्रकार मुकेश चंद्राकर को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कलेक्टर अवनीश शरण को ज्ञापन सौंपा है। सभी पत्रकार इस हत्याकांड को लेकर आक्रोशित नजर आ रहे हैं।

बिलासपुर के पत्रकारों ने राज्य शासन से इस मामले में आरोपियों को फांसी देने एवं उनकी चल अचल संपत्ति को नेस्तनाबूद करने की मांग की है। बीजापुर के युवा पत्रकार की हत्या के खबर फैलते ही पूरे छत्तीसगढ़ के पत्रकार इस मामले से जुड़े आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में बिलासपुर प्रेस क्लब के पत्रकारों ने मौन रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर अवनीश शरण को ज्ञापन सौंपा और कहा है कि पत्रकारों द्वारा लगातार यह मांग किया जा रहा है कि पत्रकारों की सुरक्षा के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाए।

लेकिन अभी तक इस पर किसी प्रकार का अमल नहीं किया गया है। यही कारण है कि पत्रकारों की हत्या हो रही है लेकिन प्रशासन इस और ध्यान नहीं दे रहा है बिलासपुर प्रेस क्लब के पत्रकारों द्वारा आपातकालीन बैठक बुलाकर पत्रकार मुकेश चंद्राकर को मौन श्रद्धांजलि दिया गया और सभी पत्रकारो ने आक्रोशित होकर कलेक्टर अवनीश शरण को ज्ञापन सौपा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।




