
छत्तीसगढ़ राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त रजक कार बोर्ड के अध्यक्ष प्रल्हाद रजक प्रदेश इन दिनों दौरे पर हैं। इसी क्रम में गुरुवार को वे बिलासपुर से गुजर रहे थे। इस दौरान तोरवा स्थित गुरु नानक चौक में रजक समाज के सदस्यों ने उनका भव्य स्वागत किया। समाज के लोगों ने फूलमालाएं पहनाकर और अतिथि सत्कार कर बोर्ड अध्यक्ष का गर्मजोशी से अभिवादन किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में रजक समाज के सदस्य उपस्थित रहे।स्वागत कार्यक्रम के दौरान रजक समाज के प्रतिनिधियों ने बोर्ड अध्यक्ष के समक्ष अपनी समस्याएं और मांगें रखीं।

समाज के सदस्यों ने बताया कि तोरवा क्षेत्र में रजक समाज के लिए एक सामुदायिक भवन की अत्यंत आवश्यकता है, जिससे सामाजिक, सांस्कृतिक और वैवाहिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सके। इसके साथ ही समाज के लोगों ने लॉन्ड्री धोबीघाट/धुलाई केंद्र की व्यवस्था किए जाने की भी मांग रखी। उनका कहना था कि यदि आधुनिक लॉन्ड्री सुविधा उपलब्ध होती है तो इससे समाज के लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

समाज की बातों को गंभीरता से सुनते हुए रजक कार बोर्ड के अध्यक्ष प्रल्हाद ने कहा कि रजक समाज के हितों की रक्षा और उनके विकास के लिए बोर्ड प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि तोरवा क्षेत्र में समाज भवन और लॉन्ड्री सुविधा की मांग को वे मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे और इसे पूरा कराने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र का दौरा भी किया और स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी ली। समाज के लोगों ने उनके आश्वासन पर संतोष व्यक्त करते हुए आभार प्रकट किया।




