
हज यात्रा इस्लाम धर्म के पाँच स्तंभों में से एक है, जिसे हर सक्षम मुसलमान के लिए जीवन में एक बार पूरा करना अनिवार्य माना गया है। यह पवित्र यात्रा इस्लामी कैलेंडर के अंतिम महीने जिलहिज्जा की 8वीं से 13वीं तारीख के बीच सऊदी अरब के मक्का में संपन्न होती है। हर साल दुनिया भर से लाखों मुसलमान हज के लिए पहुंचते हैं, वहीं भारत से भी बड़ी संख्या में हज यात्री इस यात्रा पर जाते हैं।

हज यात्रा से जुड़ी प्रक्रियाएं, नियम और धार्मिक अनुष्ठान जटिल होने के कारण कई बार यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए हज कमेटी द्वारा हज यात्रियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं।इसी कड़ी में रविवार को बिलासपुर में बिलासपुर संभाग के हज यात्रियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में बिलासपुर संभाग से करीब 137 हज यात्री शामिल हुए।

जानकारी के अनुसार, इस वर्ष पूरे छत्तीसगढ़ से लगभग 600 हज यात्री हज यात्रा पर जाएंगे।नागपुर से आए प्रशिक्षकों द्वारा हज यात्रियों को हज के दौरान किए जाने वाले सभी धार्मिक अनुष्ठानों, यात्रा व्यवस्था, स्वास्थ्य और अनुशासन से जुड़ी बारीक जानकारियां दी जा रही हैं। हज यात्रियों को कुल तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद यात्रियों को हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जिसके बाद वे हज यात्रा के लिए पात्र माने जाएंगे।




