
बिलासपुर रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और उनके परिजनों के लिए राहत भरी खबर है। अब ट्रेन के इंतजार में या किसी को रिसीव करने आए लोगों को न तो महंगी पार्किंग का बोझ उठाना पड़ेगा और न ही सड़क किनारे वाहन खड़ा करने की मजबूरी रहेगी। रेलवे प्रशासन स्टेशन के सामने जल्द ही ‘हॉल्टिंग वे’ सुविधा शुरू करने जा रहा है, जहां बेहद कम शुल्क में वाहन खड़े किए जा सकेंगे। बिलासपुर रेलवे स्टेशन में पहले से प्रीमियम पार्किंग और ड्रॉप एंड गो की सुविधा मौजूद है, लेकिन अब आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हॉल्टिंग वे विकसित की जा रही है। यह सुविधा स्टेशन के सामने रेल कोच रेस्टोरेंट से लगी खाली जमीन पर तैयार की जाएगी। पहले भूमि का विकास होगा, इसके बाद ठेके के माध्यम से संचालन किया जाएगा।हॉल्टिंग वे का सबसे ज्यादा लाभ उन लोगों को मिलेगा, जो अपने परिजनों या परिचितों को स्टेशन रिसीव करने आते हैं। अभी उन्हें घंटों के हिसाब से पार्किंग शुल्क देना पड़ता है या सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर कार्रवाई झेलनी पड़ती है। नई व्यवस्था में यह समस्या खत्म हो जाएगी।रेलवे की योजना के अनुसार दोपहिया वाहनों के लिए 3 घंटे का शुल्क मात्र 5 रुपए और चार पहिया वाहनों के लिए 4 घंटे का शुल्क 10 रुपए तय किया जा रहा है। हालांकि यह सुविधा अभी लागू नहीं हुई है, लेकिन रेलवे प्रशासन के अनुसार इसे जल्द शुरू किया जाएगा। हॉल्टिंग वे परिसर में चाय स्टॉल, वाहनों की सफाई और छोटे-मोटे कार्यों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल स्टेशन के सामने तितली चौक, सेकरसा मैदान और वर्तमान आरक्षण कार्यालय तक सड़क किनारे वाहन खड़े करने पर कार्रवाई होती है। नई व्यवस्था लागू होने से न केवल आम लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि स्टेशन क्षेत्र की अव्यवस्था भी काफी हद तक कम होगी।




