बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए एक नई और अनूठी सुविधा शुरू की गई है। रेलवे स्टेशन पर ऑटोमैटिक फूड वेंडिंग मशीन लगाई गई है, जिससे यात्री ऑनलाइन पेमेंट करके खुद ही अपना मनपसंद सामान खरीद सकते हैं। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर वातानुकूलित प्रतीक्षालय के सामने सोमवार को ऑटोमैटिक फूड वेंडिंग मशीन का उद्घाटन किया गया।अब यात्रियों को खाने-पीने के सामान के लिए लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी, ना ही ओवर चार्जिंग की चिंता रहेगी। इस मशीन को खासतौर पर यात्रियों की सुविधा और समय बचाने के लिए लगाया गया है।यात्री इस मशीन से चिप्स, बिस्किट, मिक्सचर, कोल्ड ड्रिंक और पानी की बोतल आसानी से खरीद सकते हैं। मशीन पूरी तरह ऑटोमैटिक है और इसे ऑपरेट करने के लिए कोई व्यक्ति मौजूद नहीं होगा। यात्री को मशीन के सामने लगे स्कैनर से QR कोड स्कैन करना होगा। इसके बाद मोबाइल स्क्रीन पर सभी उपलब्ध सामान की लिस्ट आ जाएगी। यात्री अपनी पसंद का सामान और उसकी संख्या चुन सकते हैं। फिर UPI पेमेंट करना होगा। पेमेंट पूरा होते ही मशीन के नीचे लगे प्लेट बॉक्स में सामान आ जाएगा। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर अब यात्रियों को फास्ट और झंझट-मुक्त सर्विस मिलेगी। रेलवे की यह नई पहल यात्रियों के सफर को और भी आसान बनाएगी।




