
तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत आज ग्राम पंचायत जोरापारा से गिरधौना पंचायत तक लगभग 5 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा का नेतृत्व छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने किया। यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, कांग्रेस कार्यकर्ता और जिले के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

पदयात्रा में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव देवेंद्र यादव, विधायक अटल श्रीवास्तव, विधायक दिलीप लहरिया, महेंद्र गंगोत्री, सुधांशु मिश्रा, पूजा मक्कड़, अभ्युदय तिवारी सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। पदयात्रा के दौरान मार्ग में पड़ने वाले गांवों में महिलाओं ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज सहित सभी नेताओं की आरती उतारकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि मनरेगा ग्रामीण अंचल में काम करने वाले आम इंसान का अधिकार है। केंद्र सरकार इस अधिकार को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, जिसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध कर रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक मनरेगा की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मनरेगा के तहत काम के दिन और भुगतान में लगातार कटौती की जा रही है, जिससे ग्रामीण मजदूरों की आजीविका प्रभावित हो रही है। इसी के विरोध में यह पदयात्रा निकाली गई।
तखतपुर से विनय करीहार




