
मस्तुरी क्षेत्र के लोगों की सहूलियत के लिए रविवार को पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय की शुरुआत की गई। बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने पुराने थाना परिसर में नवनिर्मित कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अर्चना झा, नवपदस्थ एसडीओपी एल.सी. मोहले सहित जनप्रतिनिधि, सरपंचगण और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह में एसएसपी रजनेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अब मस्तुरी, मल्हार और पचपेड़ी क्षेत्र के नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बिलासपुर नहीं जाना पड़ेगा।

अवैध शराब, गांजा, सट्टा और जुए के खिलाफ पुलिस अभियान को सफल बनाने आम जनता, सरपंच और कोटवार से सहयोग की अपील की गई। उन्होंने अपराध मुक्त समाज बनाने में जनभागीदारी पर जोर दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्चना झा ने चेतना अभियान की जानकारी देते हुए महिला अपराध, बाल अपराध और यातायात जागरूकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय खुलने से मस्तुरी के नागरिकों को त्वरित न्याय और सहायता उपलब्ध होगी।




