
थाना तोरवा अंतर्गत महमंद क्षेत्र में एक पागल सांड ने आतंक मचा दिया। सांड ने एक के बाद एक पांच लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें ऑटो चालक मोहम्मद यूसुफ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यूसुफ की बेटी सहित चार अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांड कई दिनों से इलाके में घूम रहा था और अचानक किसी पर भी हमला कर देता है। सोमवार सुबह उसने सड़क किनारे लोगों को निशाना बनाया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।ग्रामीणों ने बताया कि जिला प्रशासन और नगर निगम की लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी है। न तो निगम द्वारा मवेशियों और सांडों की धरपकड़ की जा रही है, न ही स्थानीय लोगों और राहगीरों को कोई राहत मिल रही है।लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर सांड को जल्द नहीं पकड़ा गया तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है। फिलहाल निगम प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।




