
बिलासपुर :- महाराणा प्रताप चौक के पास स्थित चंदेला नगर स्थित MIGB-47 महाराणा प्रताप चौक के पास शुक्रवार सुबह अज्ञात चोरों ने जुगल किशोर तिवारी, रमा तिवारी और अभिनव तिवारी के मकान का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार कुछ समय के लिए हैदराबाद गया हुआ था और जब उन्हें चोरी की सूचना मिली तो वे तुरंत घर लौटे। घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मकान का दरवाजा टूटा हुआ है, घर का सामान अस्त-व्यस्त है और अलमीरा भी टूटे पड़े हैं।आवेदन में बताया गया कि चोर घर से चांदी की थालियां, कटोरे, घंटी, आरती दिये, गिलास, बिछिया, भगवान की मूर्तियां, चांदी के सिक्के, नथनी और नकदी लगभग 23 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान और जेवर की कुल कीमत लाखों में आंकी जा रही है। घर पर लोहे के औजार भी मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने घर में तोड़-फोड़ करके वारदात को अंजाम दिया।सिविल लाइन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की मदद से घर और आसपास के इलाके का सर्च कर रही है। साथ ही, पुलिस खुद सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान और पकड़ की कोशिश में जुटी हुई है।इतने कड़े सुरक्षा इंतजामों के बावजूद हुई चोरी ने चंदेला नगर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना सिविल लाइन पुलिस लगातार छानबीन कर रही है और आशा जताई जा रही है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।




