
बिलासपुर महिला संबंधित विवादों के निपटारे को लेकर सोमवार को बिलासपुर में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमई नायक की उपस्थिति में सुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान आयोग में दायर कुल 30 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें कई मामलों का त्वरित निपटारा करते हुए समझौते भी कराए गए। सुनवाई के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए किरणमई नायक ने बताया कि कुछ मामलों में गंभीर सामाजिक और कानूनी पहलू सामने आए हैं। एक मामले में युवक ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर झूठ बोलकर विवाह कर लिया था। पीड़िता की शिकायत पर मामले का समाधान समझौते के माध्यम से कराया गया।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने रायपुर ट्रांसफर किए गए अन्य लंबित प्रकरणों की जानकारी भी दी और कहा कि वे जल्द ही वहां पर सुनवाई के लिए तय की जाएंगी। उन्होंने लव जिहाद से जुड़े मामलों पर भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लड़कियों को कम उम्र में भागकर शादी नहीं करनी चाहिए, बल्कि पढ़ाई और कैरियर पर ध्यान देना चाहिए। राजा रघुवंशी हत्याकांड में सोनम की संलिप्तता पर किरणमई नायक ने कहा कि अत्यधिक महत्वाकांक्षा और जबरन किए गए विवाह कई बार अपराध की वजह बन जाते हैं। ऐसे मामलों में सामाजिक जागरूकता बेहद जरूरी है, ताकि महिलाओं को सही फैसले लेने का अवसर मिले।

उन्होंने यह भी कहा कि महिला आयोग हर ऐसी पीड़िता के साथ खड़ा है जो उत्पीड़न की शिकार है। आयोग का उद्देश्य है कि हर महिला को न्याय मिले और वह समाज में सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सके। महिला उत्पीड़न की किसी भी घटना को आयोग गंभीरता से लेकर त्वरित कार्रवाई करता है। किरणमई नायक ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में डरें नहीं, बल्कि बेझिझक आयोग से संपर्क करें। महिला आयोग उनके साथ न्याय की लड़ाई में हर कदम पर साथ है और हरसंभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है।




