
माहे रमजान की 25वीं रोज के मौके पर तालापारा स्थित रमजानी बाबा दरगाह शरीफ में विशाल इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न समाजों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए और रोजा इफ्तार कर एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद देते हुए भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया।कार्यक्रम का आयोजन उस्की रजा कमेटी द्वारा हर साल की तरह इस वर्ष भी किया गया।

कमेटी की ओर से रोजेदारों और आम लोगों के लिए इफ्तार के साथ-साथ भोजन का भी विशेष इंतजाम किया गया था। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न समाजों के लोग बढ़-चढ़कर शामिल हुए और पूरे माहौल में आपसी सौहार्द और एकता की झलक देखने को मिली।जिला अल्पसंख्यक मोर्चा के सदस्य मोहम्मद हफीज ने कहा कि माहे रमजान रहमत और बरकत का महीना है, जो पूरे एक महीने तक चलता है। इस दौरान रोजा, इबादत और इफ्तार के माध्यम से लोग एक-दूसरे के करीब आते हैं।

उन्होंने कामना की कि आने वाला समय छत्तीसगढ़ और पूरे देश के लिए खुशहाली और तरक्की लेकर आए।कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि बिलासपुर की गंगा-जमुनी तहजीब की यही खूबसूरती है कि यहां हर धर्म और समाज के लोग एक साथ बैठकर इफ्तार करते हैं और आपसी प्रेम व भाईचारे का संदेश देते हैं। रमजानी बाबा कमेटी द्वारा हर साल आयोजित यह कार्यक्रम कौमी एकता और इंसानियत की मिसाल बनता जा रहा है।




