
बिलासपुर। प्रदेश स्वास्थ्य मितानिन संघ छत्तीसगढ़ एवं प्रशिक्षक कल्याण संघ के आवाहन पर मंगलवार को जिले भर की मितानिनों ने शहर में अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। यह रैली रिवरव्यू रोड से शुरू होकर सिम्स अस्पताल,प्रेस क्लब, कंपनी गार्डन और कोनेर गार्डन होते हुए नेहरू चौक पहुंची। इस दौरान मितानिनों की भारी भीड़ ने शहर की सड़कों पर जुलूस की शक्ल में प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार जिले के सभी ब्लॉकों से मितानिन बड़ी संख्या में शामिल हुईं। करीब पांच हजार मितानिनों की मौजूदगी से रैली बेहद विशाल रही। रैली के चलते जिन मार्गों से प्रदर्शन यात्रा निकली वहां लंबे समय तक सड़क जाम की स्थिति बनी रही।

नेहरू चौक पहुंचने के बाद मितानिनों ने नारेबाजी कर सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के दौरान करीब आधे घंटे तक नेहरू चौक पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने मितानिनों को समझाने का प्रयास किया जिसके बाद सड़क खाली कराया गया और यातायात बहाल हो सका। प्रदर्शनकारी मितानिनों ने बताया कि वे लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार को अवगत करा रही हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से उन्हें मजबूर होकर सड़कों पर उतरना पड़ा। आंदोलन के अंत में मितानिन संघ की ओर से मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में अपनी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की चेतावनी दी गई। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे इसी तरह अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखेंगी।




