
बिलासपुर में मॉडिफाइड साइलेंसर से बढ़ते शोर और यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अवैध रूप से साइलेंसर बेचने वाले दुकानों से लेकर ऐसे साइलेंसर लगाकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती बरती गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस बिलासपुर ने शहर में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वाले विक्रय स्थलों पर कार्रवाई की गई और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले साइलेंसर हटवाए गए।थाने और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर उन स्थानों पर भी दबिश दी, जहां मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के जरिए तेज और अमानक आवाज निकालकर आम लोगों को भयभीत किया जा रहा था। ऐसे वाहनों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए साइलेंसर निकलवाए गए।पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाकर मानक स्तर के साइलेंसर लगवाए।

साथ ही चालकों को समझाइश दी गई और शपथ पत्र भरवाने के बाद ही वाहन सुपुर्द किए गए। युवाओं द्वारा वाहन चलाने के मामलों में उनके माता-पिता और अभिभावकों को भी यातायात कार्यालय बुलाकर सख्त हिदायत दी गई।कार्रवाई के दौरान शहर के सभी मोटर गैराज और ऑटो पार्ट्स विक्रेताओं को चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि अमानक मॉडिफाइड साइलेंसर बेचते पाए गए, तो उनके खिलाफ और भी गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर दुकानों को ब्लैकलिस्ट करने के लिए नगर निगम को प्रतिवेदन भेजा जाएगा। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाना, तेज और लापरवाही से ड्राइविंग, मोबाइल का उपयोग, गलत दिशा में वाहन चलाना और मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वालों के लाइसेंस निलंबन व वाहन ब्लैकलिस्टिंग के लिए आरटीओ को लगातार प्रतिवेदन भेजे जा रहे हैं। इस सख्त अभियान के दौरान डीएसपी शिवचरण परिहार सहित यातायात पुलिस और संबंधित थानों का स्टाफ मौके पर मौजूद रहा।




