
राजधानी रायपुर से लगे सरगांव क्षेत्र में जंगली सूअर की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। सड़क हादसे में घायल हुए जंगली सूअर पर कुछ लोगों ने पत्थर और लाठियों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायल सूअर तड़प रहा था, लेकिन हमलावरों ने उस पर लगातार वार किए। इस अमानवीय कृत्य का वीडियो भी सामने आया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और लोगों में आक्रोश फैल गया।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जंगली सूअर के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है और आगे भी सख्ती बरती जाएगी।




