
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज से पुलिस आयुक्त प्रणाली औपचारिक रूप से लागू हो गई है। इसके साथ ही राजधानी की पुलिसिंग अब पारंपरिक एसपी व्यवस्था से निकलकर आयुक्त प्रणाली के तहत संचालित होगी। राज्य सरकार ने 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है, जिन्होंने शुक्रवार को पदभार ग्रहण कर लिया।संजीव शुक्ला ने अपने पुलिस करियर की शुरुआत राज्य पुलिस सेवा से की थी और बाद में पदोन्नति के जरिए भारतीय पुलिस सेवा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पिछले वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर में आयुक्त प्रणाली लागू करने की घोषणा की थी, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर इसकी प्रक्रिया शुरू की गई। नई व्यवस्था के तहत रायपुर जिले को रायपुर शहरी और रायपुर ग्रामीण दो पुलिस जिलों में पुनर्गठित किया गया है।रायपुर शहरी पुलिस जिले में कुल 21 थानों को शामिल किया गया है, जिनमें सिविल लाइंस, देवेंद्र नगर, तेलीबांधा, कोतवाली, गंज, मौदहापारा, गोल बाजार, पुरानी बस्ती, डीडी नगर, अमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, राजेंद्र नगर, मुजगहन, टिकरापारा, उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, पंडरी और खम्हारडीह शामिल हैं। शहरी क्षेत्र की पुलिसिंग अब आईजी रैंक के पुलिस आयुक्त के अधीन होगी।आयुक्त प्रणाली के तहत कांकेर के पुलिस उप महानिरीक्षक अमित तुकाराम कांबले को रायपुर शहरी क्षेत्र का अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, डीसीपी के रूप में उमेश प्रसाद गुप्ता को सेंट्रल, संदीप पटेल को पश्चिम, मयंक गुर्जर को उत्तर और विकास कुमार को डीसीपी यातायात एवं प्रोटोकॉल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई व्यवस्था से राजधानी में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व त्वरित बनाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।




