
रायपुर साहित्य उत्सव 2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए नवा रायपुर स्थित संवाद भवन में आयोजन समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, अतिथियों की सहभागिता, साहित्यिक सत्रों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रचार-प्रसार की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री पंकज झा ने कहा कि यह उत्सव छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।आयोजन समिति ने जानकारी दी कि तीन दिवसीय रायपुर साहित्य उत्सव 23 से 25 जनवरी 2026 तक नवा रायपुर अटल नगर के पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित होगा। उत्सव में देशभर के प्रतिष्ठित साहित्यकार, कवि, लेखक, पत्रकार, विचारक और युवा रचनाकार भाग लेंगे, वहीं साहित्यिक संवाद, पुस्तक विमोचन, विचार-मंथन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि रायपुर साहित्य उत्सव को देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों की श्रेणी में लाने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी अध्यक्ष शंशाक शर्मा, जिला पंचायत रायपुर के सीईओ विश्वरंजन, अपर संचालक जनसंपर्क उमेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने आयोजन की सफलता को लेकर मार्गदर्शन दिया।




