
बिलासपुर। जिले के सकरी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत लोखंडी के ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विभिन्न बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सड़क, पेयजल, बिजली और शिक्षा जैसी आवश्यक सुविधाओं का अभाव है, जिससे ग्रामीणों को रोजमर्रा की जिंदगी में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सबसे पहले कोलवासी ट्रकों और हाईवा वाहनों के लगातार आवाजाही से जर्जर हुई सड़कों की समस्या उठाई। उनका कहना था कि पांच कोलवासी संचालित होने से भारी वाहनों का दबाव गांव की सड़कों पर बढ़ गया है, जिससे सड़कों की हालत बेहद खराब हो गई है। इससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है और आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके साथ ही ग्रामीणों ने पेयजल संकट का मुद्दा भी सामने रखा। उनका कहना है कि गांव में पाइप लाइन टूट जाने के कारण बीते कई दिनों से पानी की आपूर्ति बाधित है। इस वजह से ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। ज्ञापन में जल्द से जल्द नई पाइप लाइन बिछाने और पानी की नियमित आपूर्ति की मांग की गई है। गांव के लोगों ने शिक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि पंचायत में बिना मान्यता प्राप्त स्कूल का संचालन किया जा रहा है, जो बच्चों के भविष्य के लिए खतरा है। इस स्कूल के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने की मांग ग्रामीणों ने कलेक्टर से की। साथ ही बिजली की अनियमित आपूर्ति को लेकर भी नाराजगी जताई गई। ग्रामीणों ने कहा कि बार-बार बिजली गुल रहने से बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप कर इन समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इन बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया गया, तो गांव के लोग उग्र आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।




