थाना सरकंडा थाना अंतर्गत राजकिशोर नगर स्थित श्री शनि साईं धाम मंदिर में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात चोरों ने बुलन्द हौसलों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम दिया।चोरों ने मंदिर की दीवार फांदकर अंदर घुसकर मां भवतारिणी देवी काली मंदिर के गर्भगृह से आभूषण और दानपेटी ले उड़ा। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बिजली गुल और बारिश का फायदा उठाकर चोरों ने करीब दो घंटे तक वारदात को अंजाम दिया। वारदात रात 1 बजे से 3:30 बजे के बीच हुई। इसी दौरान बारिश हो रही थी और बिजली गुल थी, जिसका फायदा उठाकर दो चोर दीवार फांदकर मंदिर में दाखिल हुए। उन्होंने पहले मंदिर के भूतल के शटर का ताला तोड़ा, फिर गर्भगृह में घुसकर मां काली की प्रतिमा से आभूषण उतार लिए। चोर इतने बेखौफ थे कि उन्होंने अपने चेहरे भी नहीं ढके थे, जो सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहे हैं।चोरी का पता शनिवार सुबह उस वक्त चला जब दर्शनार्थियों के लिए मंदिर का मुख्यद्वार खोला गया। गेट के सामने शटर टूटा हुआ था और गर्भगृह के दरवाजे खुले थे। अंदर मूर्ति के वस्त्र, आभूषण और अन्य सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। इसी दौरान दानपेटी पास की एक गली में लावारिस हालत में बरामद हुई।बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब इस मंदिर में चोरी हुई है। पहले भी यहां चोरों ने वारदात को अंजाम दिया था, लेकिन इसके बावजूद मंदिर कमेटी ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए। हालांकि, इस बार चोरी के बाद मंदिर समिति ने मंदिर में सुरक्षा गार्ड तैनात करने का फैसला किया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लेकिन इस वारदात ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। शनि साईं धाम मंदिर में हुई इस चोरी ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को गहरा आघात पहुंचाया है। जहां लोग आस्था और भक्ति के साथ पूजा करने आते हैं, वहीं चोरों ने मंदिर की पवित्रता को ठेस पहुंचाई। इस घटना के बाद से स्थानीय लोग और मंदिर समिति अब सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्क हो गए हैं। पुलिस के मुताबिक, जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।




