
जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला तब सामने आया जब 22 वर्षीय पीड़िता ने 20 जुलाई को थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अभिषेक यादव लगातार आठ महीने से युवती के साथ संबंध बनाता रहा, जबकि दूसरी ओर कपिल देव यादव ने पीड़िता की मजबूरी का फायदा उठाते हुए उसे भी शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया।पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, अभिषेक यादव ने 31 अक्टूबर 2024 को पहली बार युवती से दुष्कर्म किया और शादी का वादा कर लगातार 30 जून 2025 तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। गर्भ ठहरने के बाद जब पीड़िता छह-सात माह की गर्भवती हो गई तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया। इसी दौरान दूसरे आरोपी कपिल देव यादव, जो पहले से शादीशुदा है, ने भी शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल कर लिया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। एसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं से जुड़े अपराधों को लेकर पूरी तरह सजग और सख्त है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बृजेश यादव समेत पूरी पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।




