
जिले में अवैध धान भंडारण, कोचियों-बिचौलियों और राइस मिलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में खाद्य एवं राजस्व विभाग की टीम ने विकासखंड बलौदा के ग्राम पंचायत कुदरी स्थित श्री हरि राइस मिल में बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान प्रशासन ने 21 हजार 902 क्विंटल धान जब्त किया है। 23 जनवरी को खाद्य विभाग की टीम ने राइस मिल में अचानक छापेमारी की। जांच के समय राइस मिल संचालक श्री अभिनव राठौर मौके पर मौजूद थे। भौतिक सत्यापन में राइस मिल में 545 बोरा धान (218 क्विंटल) की कमी पाई गई।

इसके अलावा मिल के रिकॉर्ड संधारण और संचालन में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।जांच के दौरान टीम ने मिल परिसर में मौजूद 54 हजार 755 बोरा धान, कुल 21 हजार 902 क्विंटल, को प्रशासनिक अभिरक्षा में ले लिया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।जिले में कोचियों, बिचौलियों और राइस मिलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अवैध धान को समिति स्तर पर खरीदी में खपाने से रोकने के लिए राजस्व, खाद्य, मंडी और सहकारिता विभाग की संयुक्त उड़नदस्ता टीम द्वारा लगातार सत्यापन, गश्त और छापेमारी की जा रही है।




