
बिलासपुर रेल मंडल में 22 जनवरी को सांसदों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक का उद्देश्य क्षेत्र की रेल समस्याओं और यात्रियों की मांगों को सीधे रेलवे प्रशासन और रेलवे बोर्ड तक पहुंचाना है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की ओर से मंडल क्षेत्र के आठ लोकसभा और तीन राज्यसभा सांसदों को आमंत्रित किया गया है।खास बात यह है कि यह बैठक ऐसे समय पर हो रही है, जब केंद्र सरकार का आम बजट जल्द ही पेश होने वाला है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि बैठक में उठाई जाने वाली क्षेत्रीय रेल मांगों को आगामी रेल बजट में शामिल किए जाने की संभावनाएं बढ़ेंगी।बैठक में यात्री सुविधाओं के विस्तार, नई ट्रेनों के परिचालन, इंटरसिटी और एक्सप्रेस ट्रेनों को नियमित करने, स्टेशनों पर ठहराव, साथ ही ओवरब्रिज और अंडरब्रिज निर्माण जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। सांसद अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं और सुझावों को सामने रखेंगे।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जो प्रस्ताव व्यावहारिक और उपयोगी पाए जाएंगे, उन्हें जोन और रेलवे बोर्ड स्तर पर भेजा जाएगा, ताकि उन पर शीघ्र निर्णय लिया जा सके। इस बैठक से आने वाले समय में यात्रियों को अधिक सुरक्षित, बेहतर और सुविधाजनक रेल सेवाएं मिलने की उम्मीद है।




