
तखतपुर नगर पालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को नगर से 6 किलोमीटर दूर लीदरी स्थानांतरित किए जाने के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नगर में संचालित एकमात्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को दूर शिफ्ट किए जाने से नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।नगरवासियों की बढ़ती परेशानियों को देखते हुए पार्षद मुन्ना श्रीवास और शैलेंद्र निर्मलकर ने इस मामले में उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी।

याचिका में उल्लेख किया गया कि स्वास्थ्य केंद्र के दूर चले जाने से विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को आपात स्थिति में समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है।प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि रात्रि के समय यदि किसी महिला को प्रसव पीड़ा होती है तो अस्पताल की दूरी के कारण परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार समय पर उपचार न मिलने का खतरा भी बना रहता है।

इसी मुद्दे को लेकर लगातार जनआंदोलन और विरोध प्रदर्शन किए जा रहे थे।मामले की सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने नगर से दूर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने पर चिंता व्यक्त की। न्यायालय ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि आगामी 30 मार्च तक पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में सिटी डिस्पेंसरी प्रारंभ की जाए, ताकि नगरवासियों को त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। साथ ही राज्य सरकार से इस संबंध में जवाब भी तलब किया गया है। तखतपुर से विनय करिहार




