
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के बन्नाक चौक पर 31 दिसंबर की रात हुए भीषण सड़क हादसे में घायल दो भाइयों की इलाज के दौरान मौत हो गई। मेंडरा निवासी विशाल यादव और आदित्य यादव हादसे के वक्त एक बाइक पर सवार थे, जब उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन छोटे भाई आदित्य यादव की हालत बिगड़ती चली गई और 1 जनवरी को उसकी मौत हो गई।बड़े भाई विशाल यादव की हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां 5 जनवरी की सुबह उसने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है

हादसे की सूचना मिलने के बाद सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में यह दुर्घटना हुई। हादसे के कारणों की जांच के लिए पुलिस ने आसपास के गवाहों से पूछताछ शुरू कर दी है।विशाल और आदित्य की मौत से उनके परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों भाई मिलनसार और जिम्मेदार थे। हादसे की खबर सुनकर उनके घर पर शोक जताने वालों का तांता लग गया।




